Site icon स्पोर्ट्स जागरण

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने वर्ष 2020-21 के लिए BCCI केंद्रीय अनुबंध सूची की जारी, नटराजन और मनीष पांडे को नहीं मिली जगह

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अक्टूबर 2020 से सितंबर 2021 की अवधि के लिए BCCI केंद्रीय अनुबंध सूची गुरुवार शाम को घोषित कर दी। भारतीय कप्तान विराट कोहली, भारत के सीमित ओवरों के उपकप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के रूप में टीम इंडिया के केवल तीन खिलाड़ियों को A+ ग्रेड अनुबंध दिया गया है। बोर्ड के अनुसार, A+ ग्रेड BCCI केंद्रीय अनुबंध प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ₹7 करोड़ का वार्षिक वेतन मिलेगा।

इसके अलावा ग्रेड A अनुबंध सूची जिसमें ₹5 करोड़ का वार्षिक वेतन मिलना है, उसमें 10 क्रिकेटरों को नामित किया गया है। इसमें अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, चेतेश्वर पुजारा, केएल राहुल और हार्दिक पांड्या जैसे अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। गौरतलब है कि टी नटराजन और मनीष पांडे केंद्रीय अनुबंध हासिल करने में विफल रहे हैं।

शार्दुल ठाकुर, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, रिद्धिमान साहा और मयंक अग्रवाल ने B ग्रेड BCCI केंद्रीय अनुबंध हासिल किया है जो उन्हें वार्षिक ₹3 करोड़ के वेतन श्रेणी में लाता है। कुलदीप यादव के लगातार खराब प्रदर्शन के बावजूद, बीसीसीआई (Board of Control for Cricket in India) ने उन्हें नवदीप सैनी, दीपक चाहर, अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर के साथ C ग्रेड अनुबंध दिया है। ग्रेड C के लिए प्रतिवर्ष ₹1 करोड़ सैलरी निर्धारित हुई है। नटराजन का ऑस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन करते हुए भी बाहर रहना चौकाने वाला है।

हाल ही में टीम में शामिल हुए क्रुणाल पंड्या, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर खेलने वाले संजू सैमसन को BCCI केंद्रीय अनुबंध से बाहर रखा गया है।

पूरी BCCI केंद्रीय अनुबंध सूची इस प्रकार है –

ग्रेड A+ : विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह

ग्रेड A : रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, शिखर धवन, केएल राहुल, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा, ऋषभ पंत और हार्दिक पंड्या।

ग्रेड B : रिद्धिमान साहा, उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर, मयंक अग्रवाल

ग्रेड C : कुलदीप यादव, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, शुभमन गिल, हनुमा विहारी, एक्सर पटेल, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल और मोहम्मद सिराज